हरियाणा दिवस एवं दीपावली मिलन समारोह में भाग लेने वाले निजी स्कूल संचालक। विज्ञप्ति
कैथल। निजी स्कूल संचालक संघ कैथल की ओर से निजी होटल में हरियाणा दिवस एवं दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें जिलेभर के निजी स्कूल संचालकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संघ के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इस दौरान निजी स्कूलों के सामने आ रही समस्याओं, विशेषकर फीस से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने इनके समाधान के लिए सुझाव रखे और आगामी कार्ययोजना तैयार करने पर विचार किया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि इन समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और विभागों के समक्ष उठाया जाएगा।
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने और संगठन में विशेष योगदान देने वाले स्कूल संचालकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। जिला प्रधान कुलदीप बिढ़ाण ने कहा कि संगठन की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। सभी संचालकों को आपसी सहयोग से संगठन को मजबूत बनाने और शिक्षा जगत से जुड़े मुद्दों को मिलकर उठाने की जरूरत है। चेयरमैन कुलदीप पूनिया ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक सदस्य की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष जोगिंदर ढुल ने कहा कि निजी स्कूल संचालकों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन को लगातार प्रयास करने होंगे।
प्रवीण प्रजापति ने भी आपसी विश्वास और एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर सतवीर सहारण, खुशीराम दलाल, लाभ सिंह, रामदिया कुंडू, दर्शन सिंह, हरपाल ढांडा, मंगल सिंह और सुरेश सहित अनेक स्कूल संचालक मौजूद रहे। समारोह में आपसी भाईचारे और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया गया।