कलायत। सड़क हादसे में पिता पुत्र की मौत हो गई व तीसरा बुरी तरह से घायल हो गया। गांव कमालपुर निवासी रोहताश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने पुत्र को दवाई दिलवाने के लिए कमालपुर से गांव फरल के लिए निकला। उसके आगे आगे उसके ही गांव का जयपाल अपनी बाइक पर अपने पुत्र मोनू व गांव सजूमा निवासी अशोक के साथ जा रहे थे। गांव बालू रोड पर ईंट भट्ठे के पास सामने से तेज गति से आ रही पिकअप वैन ने बाइक को सीधी टक्कर मारी दी। वैन में पानी के कैंपर भरे थे। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े व बुरी तरह से चोटिल हो गए। रोहताश ने कहा कि उसने अपनी गाड़ी रोक कर घायलों को संभाला तो देखा कि जयपाल की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। बाकी दोनों गंभीर रूप से घायल थे। उसने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को कैथल भिजवाया तो रास्ते में ही मोनू की मौत हो गई। थाना प्रभारी बिलासा राम ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।