संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विधानसभा चुनाव के तहत पिछले कई दिन से मतदान को लेकर शुरू हुआ इंतजार शनिवार को खत्म हो गया। अब जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों से चुनावी रण में कूदे 53 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद हुआ है। अब आगामी आठ अक्तूबर को इन उम्मीवारों के भाग्य का फैसला होगा।
विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया के तहत सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया था। यह प्रक्रिया शाम छह बजे तक जारी रही। इस बार विधानसभा चुनाव के तहत पूरे जिले में लगभग 63.86 प्रतिशत मतदान हुआ है। यह पिछले चुनाव की अपेक्षा कम रहा।
हालांकि अभी जिला प्रशासन की ओर से पूरे जिले में मतदाताओं की संख्या का आंकड़ा जारी नहीं किया गया है। ऐसे में यह रिपोर्ट एक से दो दिन में आएगी।
गौरतलब है कि कि जिले में चुनावी मैदान में लड़ रहे 53 उम्मीदवारों में सबसे अधिक उम्मीदवार पूंडरी में हैं। जबकि सबसे कम गुहला में नौ प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। कैथल में 12 और कलायत में 14 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें कैथल से कांग्रेस के दिग्गज राज्य सभा सांसद रणदीप सुरजेवाला के बेटे आदित्य सुरजेवाला, कलायत से हिसार के सांसद जयप्रकाश उर्फ जेपी के बेटे विकास सहारण के चुनाव लड़ने के चलते दोनों ही दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
कलायत में भाजपा से पूर्व राज्यमंत्री कमलेश ढांडा, कैथल से लीला राम और गुहला से पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर की भी नाक का सवाल है। जिले में कलायत और कैथल में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के परिवार से प्रत्याशी होने के चलते यह दोनों ही सबसे हॉट सीट हैं।
डीसी डॉ. विवेक भारती ने बताया कि जिला की चारों विधानसभा क्षेत्रों में 8 लाख 24 हजार 408 मतदाता हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे वोटिंग शुरू हो गई थी। जिला में शाम 7 बजे तक लगभग 71.2 प्रतिशत मतदान बताया जा रहा था।
गुहला विधानसभा क्षेत्र में लगभग 61 प्रतिशत, कैथल विधानसभा क्षेत्र में लगभग 62 प्रतिशत, कलायत विधानसभा में लगभग 63.30 तथा पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 69.50 प्रतिशत
मतदान हुआ।
कैथल विधानसभा क्षेत्र के लिए आरकेएसडी कॉलेज तथा कलायत विधानसभा के लिए आरकेएसडी स्कूल, पूंडरी व गुहला विधानसभा के लिए आईजी कॉलेज में स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं, जहां पर जिला प्रशासन की ओर से सभी ईवीएम को जमा किया गया।
जिले में कुल 807 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे। गुहला विधानसभा क्षेत्र में स्थापित किए गए 199 मतदान केंद्र, कलायत विधानसभा क्षेत्र में कुल 209 मतदान केंद्र, कैथल विधानसभा क्षेत्र में कुल 215 मतदान केंद्र तथा पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में कुल 184 मतदान केंद्र हैं। इस सभी बूथों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई थी। जिला प्रशासन द्वारा सभी बूथों पर वेबकास्टिंग के जरिए पैनी नजर बनाई गई थी।