कैथल। लघु सचिवालय में बुधवार को शामलात देह जमीन की मांग को लेकर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने हंगामा किया। मुख्य गेट पर जब पुलिस ने उन्हें रोकना चाहा तो उनकी उसके साथ धक्कामुक्की हो गई। इस बीच नाराज किसानों ने डीसी कार्यालय में जाने के लिए रास्ते में लगे बेरिकेड्स हटा दिए। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने सरकार के आदेशों की प्रतियां भी जलाई। हालांकि प्रदर्शन के दौरान पुलिस की सख्ती की वजह से वे आगे नहीं बढ़ पाए। बाद में तहसीलदार सुदेश मेहरा ने स्वयं पहुंचकर उनसे ज्ञापन लिया। इसमें उन्होंने सरकार से फैसले लेने की चेतावनी दी है।
डोगरा गेट स्थित नीम साहिब गुरुद्वारा में सुबह किसान जमा होना शुरू हो गए। धीरे-धीरे संख्या बढ़कर करीब दो सौ हो गई। इस बीच उन्होंने मीटिंग कर प्रदर्शन के लिए तैयारी की। फिर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करते हुए शहीद भगत सिंह चौक, पुरानी अनाज मंडी और पुराना बस स्टैंड होते हुए लघु सचिवालय में पहुंचे। वहां पर जमकर नारेबाजी की। किसानों ने जिला प्रशासन व सरकार पर किसानों की मांगें न पूरा करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान सरकार के आदेशों की प्रतियां भी जलाई।
प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष महावीर चहल नरड़ व प्रदेश उपाध्यक्ष होशियार गिल व भाकियू युवा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम कसाना ने की। भाकियू नेताओ ने आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा जुमला मालकान व शामलात जमीनों को लेकर पास किए गए संशोधन व सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद ऐसी स्थिति पैदा हो गई है कि हरियाणा प्रदेश के किसानों की हजारों एकड़ जमीन बिना किसी मुआवजे के पंचायतों के नाम तब्दील हो जाएगी। कहा कि किसानों की मिलकीयती जमीन छीनने के प्रयास में हजारों किसान बर्बाद हो जाएंगे। वे सरकार को चेतावनी देना चाहते हैं कि समय रहते इस फैसले पर विचार करें नहीं तो आने वाले दिनों में बहुत बड़ा आंदोलन सरकार के खिलाफ किसान करेंगे जिसकी सारी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
इस मौके पर गुरनाम सिंह फरल, गगनदीप जोशन, सुभाष भागल, नरेंद्र मागो माजरी, बलकार मलिक, कृष्ण मालखेडी, जसवंत संधू, किंदर चीका, विक्रम दुसैन, रणधीर बरसाना, सतनाम दुसैन, जैली चीका, अनिल गुर्जर, भीम खनौदा, कुलदीप मलिक, विकास गुहणा, गुरमुख फरल, कुलवंत फौजी, रतन भागल, सोनू बडसीकरी, किताब सिंह रेहडा, विनोद शर्मा बरसाना, तकदीर सिंह मौजूद रहे।
16-कैथल। पिहोवा चौक पर अर्धनग्र होकर प्रदर्शन करते हुए भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष महाबीर- फोटो : Kaithal