संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) की ओर से किसान भवन, पूंडरी में बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद किसानों ने युवा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम कसाना एडवोकेट के नेतृत्व में अहलूवालिया चौक तक विरोध मार्च निकाला और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान प्रधानमंत्री और अमेरिकी राष्ट्रपति के प्रतीकात्मक पुतले भी फूंके गए।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने प्रस्तावित ट्रेड डील को रद्द नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। युवा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम कसाना एडवोकेट ने बताया कि 25 जून को सेक्टर-35ए स्थित किसान भवन, चंडीगढ़ में देशभर के किसान संगठनों और सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में प्रस्तावित ट्रेड डील के कृषि क्षेत्र पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी तथा आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि भारत-अमेरिका ट्रेड डील लागू होती है तो इसका सबसे अधिक असर देश के किसानों पर पड़ेगा। उनके अनुसार अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए भारतीय बाजार खोले जाने से छोटे और सीमांत किसानों के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी हो जाएंगी।
उन्होंने दावा किया कि भारत के लगभग 82 प्रतिशत किसानों के पास ढाई एकड़ से कम भूमि है, जबकि अमेरिका में बड़े पैमाने पर खेती की जाती है और किसानों को भारी सरकारी सब्सिडी भी मिलती है। ऐसे में भारतीय किसान प्रतिस्पर्धा में पीछे रह जाएंगे।
जिला अध्यक्ष गुरनाम सिंह फरल ने कहा कि यदि कपास, लाल ज्वार, सोयाबीन तेल, संतरे के रस सहित अन्य कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क में छूट दी जाती है तो इसका सीधा नुकसान भारतीय किसानों को उठाना पड़ेगा। उन्होंने आशंका जताई कि इससे घरेलू बाजार में किसानों की उपज के उचित दाम प्रभावित हो सकते हैं। प्रदर्शन और विरोध मार्च में बलिंदर हजवाना, पिरथी कौल, रामपाल मुदड़ी, सतनाम दुसैण मौजूद रहे।