कैथल। खुराना रोड स्थित डंपिंग यार्ड के बाहर किसानों का धरना शनिवार को 59वें दिन भी जारी रहा। किसान डंपिंग यार्ड को हटाने की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि डंपिंग यार्ड के कारण आसपास के क्षेत्र में लोगों और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने इसे पूरी तरह अवैध बताते हुए इसे हटाने की मांग उठाई है। धरने पर बैठे किसानों ने आरोप लगाया कि वह डंपिंग यार्ड को हटाने की मांग को लेकर प्रशासन के समक्ष कई बार पक्ष रख चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
किसानों का आरोप है कि उनकी मांगों पर कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन ऐसी एजेंसी का सहयोग कर रहा है, जिस पर वे नियमों की अनदेखी का आरोप लगा रहे हैं।
किसानों ने कहा कि विरोध के बावजूद डंपिंग यार्ड में कचरा डलवाने का काम जारी है। इससे उनका आंदोलन और तेज हो रहा है और जब तक समाधान नहीं हो जाता धरना जारी रहेगा। संवाद