सरकार ने बीज विकास निगम के माध्यम से बीज तो बिक्री केंद्रों पर भेज दिया। लेकिन इसकी कीमत तय न होने के कारण किसानों को बेचा नहीं जा रहा है। जिस कारण किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। मौसम के हिसाब से किसान अपनी जमीन बीजाई के लिए तैयार कर चुके हैं, लेकिन बीज ना मिलने के कारण उन्हें दोबारा इसे पानी देकर तैयार करना पड़ सकता है। सोमवार को इसी बात से गुस्साए किसानों ने जींद रोड पर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे तक लगे जाम के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
किसानों ने आरोप लगाया कि बीज को दुकान पर आए एक सप्ताह हो गया है, लेकिन इसके बावजूद भी उन्हें बीज का मूल्य निर्धारित न करके बीज नहीं दिया जा रहा है। किसानों ने बीज न मिलने पर सुबह सरकारी बीज की दुकान पर ताला लगवा दिया। करीब तीन घंटे तक रोड जाम रखा जिस कारण राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। भाकियू के नेता सतपाल ढिल्लोवाली ने कहा कि भाजपा की सरकार में कर्मचारी से लेकर मजदूर तक हर वर्ग दुखी है। उन्होंने कहा कि किसान को अपनी फसल को मंडी में बेचने के लिए सड़कों पर उतरना पड़ता है। वहीं खेतों में फसल उगानी होती है तो सरकार बीज भी मुहैया नहीं करवाती। जिससे किसानों में काफी रोष है। किसान ओमप्रकाश, प्रदीप, रामफल, राजेश, करतार ने कहा कि प्राईवेट दुकानदार और व्यापारियों की सरकार के साथ मिलीभगत है जिस कारण उन्हें बीज नहीं मिल रहा।
वहीं हरियाणा बीज वितरण निगम के स्टोर क्लर्क रामफल खंगाल ने बताया कि उन्हें बीज वितरित करने की कोई अनुमति नहीं है। जिस वजह से किसानों को बीज नहीं दिया जा रहा। उसने बताया कि निगम के डायरेक्टर और कृषि मंत्री के बीच बैठक के बाद ही बीज का मूल्य तय होगा। इसके बाद ही बीज दिया जा सकेगा।
तीन घंटे बाद खेला जाम
सूचना मिलने पर सिटी थाना प्रभारी अशोक कुमार पहुंचे और उन्होंने आला अधिकारियों को सूचना दी। जिसके करीब चार घंटे बाद विभाग के अधिकारी महेंद्र मलिक के आने के बाद उन्हें बीज देने के आश्वासन पर जाम खोला।
गुहला-चीका में भी लगाया पिहोवा रोड पर जाम
पिछले कई दिनों से गेहूं का बीज लेने के लिए सरकारी बीज केंद्र के चक्कर लगा रहे किसानों का सब्र सोमवार को जवाब दे गया और उन्होंने चीका पेहवा रोड पर जाम लगा सरकार व विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। शहर के बीचों बीच स्थित बीज केंद्र के पास ही जाम लगने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी लाइनें लग गई। जाम की सूचना मिलते ही चीका थाना प्रभारी रणबीर सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों की समस्या जानी। जाम लगा रहे किसान गुरध्यान सिंह, गुरमीत सिंह, हरजिंद्र सिंह, सुभाष, सत्यवान, बलबीर सिंह, सत्यनारायण, मलकीत, कृष्ण, संजीव कुमार, महा सिंह,जसविंद्र ने बताया कि गेहूं की बिजाई का सीजन सिर पर है। उन्होंने बिजाई के लिए अपने खेत तैयार किए हुए हैं, लेकिन उन्हें सरकार की तरफ से बीज उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा। किसानों ने बताया कि वे अपने खेतों में एचडी 2967 नाम गेहूं की बिजाई करना चाहते हैं। इसके लिए तैयार किए गए खेत अब सूखने लगे हैं और दोबारा तैयार करने में इतना वक्त लगेगा कि बिजाई का मौसम ही निकल जाएगा। किसानों ने बताया कि 2867 नाम बीज अगैती किस्म की गेहूं है और इसको अक्तूबर माह में ही बिजना फायदे मंद है। थाना प्रभारी ने एग्रीकल्चर विभाग के एसडीओ सतीश कुमार नारा को मौके पर बुलाया और समझा बुझाकर जाम खुलवाया।