कैथल। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) की जिलास्तरीय बैठक हनुमान वाटिका कैथल में जिला अध्यक्ष गुरनाम फरल की अध्यक्षता में हुई। बैठक के बाद युवा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम कसाना एडवोकेट, प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर चहल नरड, प्रदेश उपाध्यक्ष चमकौर सिंह चीका के नेतृत्व में भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में नारेबाजी करते हुए किसान छोटूराम चौक पर पहुंचे और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व और केंद्र सरकार का पुतला जलाकर रोष जताया। युवा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम कसाना ने कहा कि आज पूरे देश में भाकियू चढूनी द्वारा भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में पुतले जलाकर इस ट्रेड डील का विरोध किया जा रहा है, और 10 मार्च को पूरे देश में तहसील स्तर पर इस ट्रेड डील के विरोध में ट्रैक्टर मार्च निकालकर विरोध किया जाएगा। 23 मार्च को शहीद ए आज़म भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव के शहादत दिवस पर अनाज मंडी पिपली (कुरुक्षेत्र) में किसान- मजदूर जन क्रांति रैली आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि धान के सीजन में हरियाणा में खरीद के दौरान करोड़ों का धान घोटाला हुआ है, जिसको लेकर पूरे प्रदेश में धरने में प्रदर्शन किए गये लेकिन इस घोटाले को दबाने की कोशिश की जा रही है, इस धान घोटाले की सीबीआई से जांच करवाई जाए। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ ट्रेड डील देश के किसानों और खेत मजदूरों पर सीधा हमला है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी कृषि मंत्री के बयानों से साफ है कि भारत अमरीकी कृषि उत्पादों को जीरो कस्टम ड्यूटी पर अपने बाजार में आने देगा, जिससे भारतीय किसानों की रोजी-रोटी छिन जाएगी। इस प्रदर्शन में जरनैल सिंह जैली, नरेंद्र मागो माजरी,विक्रम दुसैण, पिरथी कौल, बलिंद्र हजवाना, रणधीर बरसाना, बलकार मलिक, सुरेंद्र पयौदा उपस्थित थे।