पूंडरी। सूरजमुखी फसल बेचने के लिए पंजीकरण न होने से किसान परेशान हैं। गांव मुन्नारेहडी निवासी किसान नवीन मेहला ने सूरजमुखी की फसल का पंजीकरण नहीं होने पर प्रशासन से सहायता की मांग की है।
उन्होंने इस संबंध में कैथल स्थित संबंधित विभाग के अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर फसल का पंजीकरण करवाने की अपील भी की है। किसान नवीन मेहला ने बताया कि इस वर्ष उसके खेत में सूरजमुखी की फसल तैयार खड़ी है लेकिन तकनीकी कारणों से फसल का पंजीकरण नहीं हो पाया। सीएससी सेंटर के माध्यम से कई बार प्रयास करने के बावजूद पोर्टल पर पंजीकरण सफल नहीं हुआ।
किसान का कहना है कि यदि समय रहते पंजीकरण नहीं हुआ तो उन्हें अपनी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बेचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्या का जल्द समाधान कर फसल का पंजीकरण करवाया जाए, ताकि उन्हें सरकार की ओर से निर्धारित एमएसपी का लाभ मिल सके।