कैथल। अंबाला रोड स्थित एक कार एजेंसी से पुलिस ने नकली सब इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करता था। कोर्ट में पेशी के बाद उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
एसआई जय भगवान की ओर से सिविल लाइन थाने में दी गई शिकायत में बताया गया कि वह टीम के साथ अंबाला रोड बाई पास नाके पर मौजूद थे। उन्हें सूचना मिली कि मारुति एजेंसी में एक युवक पुलिस की वर्दी पहन कर आया हुआ है, जो नकली प्रतीत होता है। उसने अपनी वर्दी पर दोनों कंधों पर दो-दो स्टार, हरियाणा पुलिस के बैज लगाया है। उसके नेम प्लेट पर गुरजिंद्र लिखा हुआ है। साथ ही बेल्ट पर लाल रंग के कवर में पिस्तौल भी है। वह एजेंसी में कार को ठीक करवाने के लिए आया हुआ है। सूचना पाकर पुलिस ने एजेंसी में जाकर आरोपी से पूछताछ की। जांच में आरोपी नकली पुलिस कर्मचारी पाया गया। आईडी कार्ड चेक किया तो आरोपी गुरजिंद्र सिंह उर्फ नानू, डैहर जिला जींद निवासी निकला। बेल्ट में लगाई गई पिस्तौल भी प्लास्टिक का खिलौना निकला। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।