संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पूर्णिमा के मौके पर सिसला श्याम धाम में भव्य मेला लगा। सुबह पांच बजे से ही बाबा के धाम श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो गए थे। सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन किए। साथ ही श्रद्धालुओं ने भव्य निशान यात्रा निकाली और मंदिर मंदिर में बाबा श्याम के भजनों पर जमकर झूमे।
गौरतलब है कि आए दिन सिसला धाम का प्रचार प्रसार बढ़ता जा रहा है। अब प्रत्येक दिन 400 से 500 लोग बार श्याम के दर्शन करने के लिए मंदिर में पहुंचते हैं। इसके साथ ही समिति की ओर से चाय व बिस्कुट का प्रसाद हर समय श्रद्धालुओं के लिए चलता रहता है।
वीर बर्बरीक श्याम तीर्थ समिति के प्रधान सुभाष सिसला ने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से देशभर में आज बाबा श्याम के सिसला धाम का नाम हो रहा है। देशभर से श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए आ रहे हैं। समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारा व चाय, बिस्किट की व्यवस्था हर समय के लिए की गई है।
सिसला श्याम में मंदिर के बाहर मेले में विभिन्न प्रकार की बाबा श्याम की प्रतिमाएं, बच्चों के खिलौने, प्रसाद, बाबा की मोरछड़ी, गुलाब, माला, आर्टिफिशियल ज्वेलरी सहित अन्य सामान की बिक्री भी जमकर होने लगी है। श्रद्धालु सबसे पहले प्रसाद, मोर छड़ी, गुलाब व इत्र की खरीदारी कर रहे थे। दिनभर दुकानदारों की खूब बिक्री हुई। दूर दराज से आने वाले श्रद्धालु खूब सामान की खरीदारी करते हैं। जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिला हुआ है। विशेष त्योहार पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कड़ी धूप हो या सर्दी सिसला धाम श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है।