कलायत। प्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों व प्ले स्कूलों में पढ़ने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सरकार सजग है। इसी कड़ी में कलायत क्षेत्र स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग के प्ले स्कूल में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। प्ले स्कूल प्रभारी नीलम धानियां की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों की जांच की। शिविर के दौरान डॉ. सतीश कुमार ने बच्चों की लंबाई, वजन, आंखों की रोशनी, दांतों की स्थिति और दिल की धड़कन की बारीकी से जांच की।
इसके साथ ही बच्चों की पोषण स्थिति का भी आकलन किया गया। डॉ. सतीश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक अवस्था में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच अत्यंत आवश्यक है। इससे न केवल बीमारियों की समय रहते पहचान होती है, बल्कि अभिभावकों को भी बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कई बार छोटी-छोटी समस्याएं आगे चलकर गंभीर रूप ले लेती हैं, इसलिए ऐसे स्वास्थ्य जांच शिविर बच्चों के समुचित उपचार और बेहतर विकास में सहायक सिद्ध होते हैं। संवाद