कैथल। जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश ने संबंधित अधिकारियों की वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक ली। सीईओ सुरेश राविश ने कहा कि दो से चार दिसंबर तक गीता जयंती महोत्सव भव्य तरीके से मनाया जाएगा।
भाई उदय सिंह किला परिसर में हवन यज्ञ से गीता महोत्सव की शुरूआत की जाएगी और इसी दिन प्रदर्शनी का उद्घाटन भी होगा, जिसमें विभिन्न विभागों की तरफ से योजनाओं, परियोजनाओं संबंधित विषयों को लेकर स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा समाज सेवी संस्थाएं भी अध्यात्मिक और पौराणिक दृष्टिकोण से सहयोग करेंगी। जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश ने कहा कि भाई उदय सिंह किला परिसर में जिला स्तरीय गीता जयंती कार्यक्रम पर प्रदर्शनी होगी। अतिरिक्त उपायुक्त, सीईओ डीआरडीए, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कल्याण अधिकारी, जिला सूचना एवं प्रौद्योगिकी अधिकारी, उप निदेशक कृषि, सिविल सर्जन, आयुष विभाग, जिला रैडक्रॉस सोसायटी, जन स्वास्थ्य विभाग, नीलम यूनिवर्सिटी, आईटीआई, शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, आरएसओ, पंजाब नेशनल बैंक, शुगर मिल, हैफेड, खेल विभाग, होर्टिकल्चर विभाग, सिंचाई विभाग, बिजली बोर्ड, जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला मत्स्य अधिकारी प्रदर्शनी लगाएंगे।
कार्यक्रम स्थल पर शौचालयों की समुचित व्यवस्था हो। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। पुलिस विभाग निर्धारित रूट अनुसार सही व्यवस्था बनाए व आरएसओ का भी सहयोग लें। लोक निर्माण विभाग शहर की मुख्य सड़कों को दुरुस्त करना सुनिश्चित करें। संबंधित अधिकारी 48 कोस की परिधि में स्थित तीर्थों पर दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन ग्रामीणों के सहयोग से करवाया जाए।
यह रहेगा कार्यक्रम
दो से चार दिसंबर तक स्थान- भाई उदय सिंह किला परिसर, कैथल
दो दिसंबर हवन यज्ञ, तीनों दिन चलने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन, सुबह 10 बजे से
सांस्कृतिक कार्यक्रम सायं पांच बज
तीन दिसंबर गीता जयंती महोत्सव विषय पर संगोष्ठी दोपहर तीन से शाम चार बजे तक
सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम पांच बजे
चार दिसंबर ग्लोबल चैंटिंग 11:45 बजे
शोभा यात्रा दोपहर दो बजे
पुरस्कार वितरण समारोह सायं पांच बजे
शोभा यात्रा का यह रहेगा रूट-
शोभा यात्रा का शुभारंभ माता गेट से किया जाएगा। इसके बाद यह यात्रा सीवन गेट, डोगरा गेट, प्रताप गेट, चंदाना गेट, भगत सिंह चौक, छात्रावास रोड, पेहवा चौक के बाद कैथल भाई उदय सिंह किला पर पहुंचेगी। इस यात्रा में विभिन्न प्रकार की झांकियां निकाली जाएगी।