संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल का प्रतिनिधिमंडल व जिला के सर्वोच्च बलिदानी परिवार के सदस्यों ने शुक्रवार को उपायुक्त प्रशांत पंवार को सम्मानित किया।
एसोसिएशन प्रधान जगजीत फौजी ने बताया कि हमारी एसोसिएशन ने जिला प्रशासन एवं शासन के सामने मांग रखी थी कि हमारे जिले में 51 शहीद हैं, जो 46 थल सेना, एक वायुसेना, एक नौसेना, तीन बीएसएफ से है। इनके नाम सर्वोच्च बलिदानियों के पैतृक गांव के स्कूलों पर लिखे जाएं और स्कूलों के एमआईएस पोर्टल पर अपडेट की जाए। यह कार्यवाही 49 स्कूलों पर पूर्ण हो चुकी है, इसलिए एसोसिएशन ने शासन व प्रशासन का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जो दो सर्वोच्च बलिदानियों के नाम बाकी बचे हैं, इसका कारण ये रहा कि गांव में शहीद तीन हैं और स्कूल एक। इसलिए जो नाम शेष हैं, उनके बारे में डीसी को बताया गया।
उन्होंने आश्वासन दिया है कि दोनों शहीदों के नाम किसी सरकारी भवन या उनके नाम से कोई मार्ग किया जाएगा। इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल में कैप्टन बलजीत मोर, सूबेदार पुनाराम जड़ौला, सूबेदार मेजर खजान सिंह, रिसालदार कर्मवीर सिंह भाल, कैप्टन अभे सिंह भनवाला, हवलदार मदन सिंह चहल, जेडब्लूओ दलबीर सिंह, एचएफओ भीम सिंह गील, दफेदार बलदेव सिंह, हवलदार शीश पाल माजरा आदि मौजूद रहे।