संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तान पर की गई कार्रवाई के बाद वीरवार को शाम के समय पूर्व सैनिकों ने शहर के पार्क रोड स्थित शहीद स्मारक पर जश्न मनाया।
इस कार्यक्रम के दौरान काफी संख्या में पूर्व सैनिक एकत्रित हुए। पूर्व सैनिकों ने सबसे पहले पहलगाम हमले में मारे गए पर्यटकों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आगामी कार्यवाही करते हुए भारतीय सेना का आभार जता खुशी मनाई। उन्होंने कहा कि सरकार का यह बेहतरीन कदम है।
बुरी निगाह रखी तो मुंहतोड़ जवाब
भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर से यह साफ किया है कि यदि हमारे देश की ओर कोई भी दुश्मन बुरी निगाह से देखेगा तो उसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भारत अब किसी भी चुनौती का सामना करने को तैयार है। -कैप्टन बलजीत मोर, पूर्व सैनिक।
सेना के शौर्य को नमन
सेना के शौर्य को नमन है। भारतीय जवानों ने हमेशा देश की अस्मिता की रक्षा की है और यह ऑपरेशन उसी परंपरा का प्रतीक है। अपील की कि देश के किसान, जवान और आम नागरिक सभी मिलकर देश की अखंडता और एकता को और मजबूत करने मंे सहयोग करें। -बलदेव सिंह, पूर्व सैनिक
ऑपरेशन का नाम सही रखा
पहलगाम में हमारी बेटियों की मांग के सिंदूर को उजाड़ने वाले आतंकी हमले के जवाब में इस ऑपरेशन का नाम ऑपरेशन सिंदूर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सही रखा है। हमें भारतीय सेना और अपने वीर जवानों पर गर्व है। प्रत्येक देशवासी भारतीय सेना के साथ खड़ा है।
-दलदेव सिंह, पूर्व सैनिक।
सरकार ने लिए बड़े फैसले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम हमले के तुरंत बाद से ही बड़े फैसले लेने शुरू कर दिए थे। जिसमें सिंधु जल समझौता को तोड़ना व पाकिस्तान के नागरिकों को भारत छोड़ना आदि। उन्होंने कहा कि हमारा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में है। किसी भी देशवासी को घबराने की जरूरत नहीं है। -दफेदार दलीप सिंह।