संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। त्योहारों के सीजन के चलते शहर में जाम की स्थिति पैदा होने लगी है। मुख्य बाजार के साथ लगते प्रत्येक चौक-चौराहे पर अभी से जाम लगने लगा है।
इस समय छात्रावास रोड, भगत सिंह चौक व पुराना बस स्टैंड सर्राफा बाजार, तलाई बाजार और पुरानी सब्जी मंडी के आसपास भीड़ बढऩे लगी है। ऐसे में इन स्थानों पर जाम की स्थिति पैदा हो रही है। प्रबंधन की ओर से भी अभी तक जाम से निजात के लिए पुख्ता प्रबंध नहीं हैं।
दुकानों के बाहर सामान रखकर सड़कों को घेरना शुरु कर दिया ः शहरवासी सतीश कुमार, सुरेंद्र, रमन और सुनील और रामदिया ने कहा कि बाजरों में हालात ऐसे हो गए हैं कि कुछ दुकानदारों ने अभी से दुकानों के बाहर सामान रखकर सड़कों को घेरना शुरू कर दिया है।
नाराजगी जताते हुए कहा कि मनाही वाले स्थानों पर भी दोपहिया और चार पहिया वाहन बेरोकटोक चल रहे हैं। कई जगहों पर तो वाहन सड़क के बीचों-बीच बने डिवाइडर के साथ खड़े किए जा रहे हैं, जो दिनभर वहीं खड़े रहते हैं। अतिक्रमण और वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण जाम लग रहा है।
दूसरी ओर नगर परिषद की ओर से जल्द पुलिस अधिकारियों से बैठक करने की बात कही जा रही है। अभी कोई कार्यवाही नहीं की गई है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी कुलदीप मलिक का कहना है कि इस संबंध में उनके पास सूचनाएं आई हैं। जल्द ही यातायात पुलिस के अधिकारियों से बैठक की जाएगी।
यातायात थाना प्रभारी राजकुमार राणा ने कहा कि चौक-चौराहों पर वैसे तो हमेशा कर्मचारियों की ड्यूटी रहती है, लेकिन त्योहारों के सीजन को देखते हुए प्रबंध और अधिक किए जाएंगे। नगर परिषद के साथ मिलकर अतिक्रमण हटवाया जाएगा। मुख्य बाजार में नाके लगाकर चार पहिया वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा।