संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मानवता की सेवा ही सच्ची पूजा है। शहर की झुग्गी-झोपड़ियों व बस्तियों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को अच्छा स्वादिष्ट भोजन खिलाने के लिए कैथल में कुछ महिलाओं ने साईँ की रसोई नामक समूह बनाया है। ये साईं बाबा की अनुयायी हैं और प्रत्येक वीरवार को घरों से पकबान बनाकर लाती हैं और जरूरतमंदों को प्रेमपूर्वक खिलाती हैं। वे कहती हैं कि साईं बाबा ने यह साईँ सच्चरित्र में कहा कि भूखों को खाना खिलाना सबसे बड़ी मानवता की सेवा है।
महिला समूह की प्रभारी प्रिया ठकराल ने अन्य साईँ श्रद्धालु महिलाओं सुषमा गंभीर, गीता कालड़ा, अंजलि गुगलानी, वंदना तागरा, सारिका सरदाना व शालू कालड़ा के साथ मिलकर वीरवार को जींद रोड स्थित पंचायत भवन के सामने झुग्गी-झोपड़ियों में जरूरतमंद महिलाओं व बच्चों को अपने हाथों से बनाया अच्छा स्वादिष्ट भोजन परोसने के लिए इस अभियान की शुरुआत की। उनका विश्वास है कि साईँ बाबा अपनी कुटिया में अपने हाथों से भोजन बनाकर गरीब लोगों को खिलाते थे।
साईँ की रसोई नामक इस समूह की सभी सदस्य महिलाएं प्रत्येक वीरवार दोपहर को अपने अपने घरों से चावल, रोटी, राजमाह, चने, मिक्स सब्जी, खीर, हलवा सहित तरह तरह के स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर गरीब लोगों की बस्तियों व झुग्गी झोपड़ियों में लेकर आती हैं और उन्हें वह अपने परिवार के सदस्यों की तरह खाना परोसती है।
वीरवार दोपहर समूह की महिलाएं जींद रोड स्थित पंचायत भवन के सामने बनी झुगी झोपडिय़ों में अपनी वाहनों में भोजन लेकर पहुंची और झुगी झोपड़ी में रहने वाले पुरुषों, महिलाओं व बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा। इस बीच सड़क से गुजरने वाले कईं लोगों ने भी खाना खाया। ललित ठकराल, प्रकाश गंभीर, जोगिंदर कालड़ा ने इस भोजन वितरण कार्यक्रम में सहयोग किया।