संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कुछ दिन पूर्व आए तूफान में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई सूचना बोर्ड गिर गए जिन्हें आज तक लगाया नहीं गया। नेशनल हाईवे 152 से लगते गांव शिमला से जो लिंक रोड श्री तीर्थ मटौर और बढ़सीकरी को जाता है। यहां पर जो बोर्ड लगाया गया था वह भी तूफान में उड़ गया था। यह एक महीने से गांव के नाले पर रखा हुआ है, जिसकी विभाग कोई सुध ही नहीं ले रहा।
गांव शिमला के यूथ पावर ग्रुप के प्रधान आशीष मोर ने कहा कि सूचना बोर्ड पर गांव का नाम व दूरी लिखी होती है। सूचना बोर्ड न होने से वाहन सवारों को रास्ते को लेकर भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
दिन के समय में तो पूछताछ कर काम चल जाता है पर वाहन चालकों को रात्रि के समय में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि बोर्ड को शीघ्र उसके स्थान पर लगाया जाए ताकि वाहन चालकों को दिक्कत का सामना न करना पड़े।