संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से दिव्यांगजन को कृत्रिम अंग तथा वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए नापतोल शिविर लगा। इसका शुभारंभ जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव रामजी लाल ने किया। इस शिविर में सैकड़ों लाभार्थियों का मूल्यांकन किया गया। जल्द ही उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की बात कही गई।
उन्होंने बताया कि सात जनवरी को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी चीका में, आठ जनवरी को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय कलायत में, नौ जनवरी को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय पूंडरी में, 10 जनवरी को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय राजौंद में शिविर लगेंगे।
सचिव रामजी लाल ने बताया कि दिव्यांगता निःशक्तता अभिशाप नहीं है और एक दिव्यांग व्यक्ति सामान्य व्यक्ति की तरह ही जीवनयापन करने में सक्षम है। उसे खुद पर भरोसा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांग को किसी की दया की आवश्यकता नहीं है बल्कि उनको सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे जिला रेडक्रास सोसायटी के शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं ताकि जिससे कि जिला कैथल का कोई भी दिव्यांग आधुनिक कृत्रिम अंग से वंचित न रह पाए।
शिविर में जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. बीरबल दलाल, पवन कुमार, राम पाल , रतन लाल एवं एल्मिको कानपुर, मोहाली से आई टीम एवं रेडक्रास स्टाफ मौजूद रहा।
सचिव रामजी लाल ने बताया कि इन शिविरों में तिपहिया साइकिलें, व्हील चेयर, कानों की सुनने वाली मशीनें, बैशाखी, चलने की छड़े, कमोड के साथ व्हील चेयर, फोल्डिंग वॉकर, तिपाई और टेट्रापॉड, घुटने का ब्रेस, एलएस बेल्ट, स्पाइनल स्पोर्ट, कुशन, कमोड वाली कुर्सी, अन्य सहायक उपकरण और कृत्रिम अंग के लिए नापजोख की जा रही है।
उन्होंने बताया कि दिव्यांगजन अपने साथ 40 प्रतिशत दिव्यांगता होने का प्रमाण-पत्र, नियोक्ता / संस्था के प्रमुख / ग्राम प्रधान / तहसीलदार / राज्य के सक्षम राजस्व प्राधिकारी द्वारा जारी लाभार्थी या अभिभावक के आय प्रमाण-पत्र की प्रति लेकर आएं। इसके अलावा दो पासपोर्ट साइज फोटो दो, पूरा पता और मोबाइल नंबर के साथ आधार कार्ड की प्रति एवं फैमिली आईडी, पासबुक की पहले व अंतिम पेज की फोटो कापी आवश्यक दस्तावेज जमा करवाना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि मासिक आय 22 हजार 500 रुपये से कम या इसके बराबर होनी चाहिए। इन शिविरों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए आधार कार्ड की प्रति, बीपीएल कार्ड/पेंशन प्रमाणपत्र/आय प्रमाणपत्र (15 हजार रुपये मासिक से कम या या कोई भी आयु प्रमाणपत्र होना आवश्यक है।