संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। उपायुक्त प्रीति ने कहा कि गुरु तेग बहादुर का 350वां शहीदी दिवस पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न यात्राएं निकाली जाएंगी। इस उपलक्ष्य में एक नवंबर को रक्तदान शिविर और तीन नवंबर को गुरु तेग बहादुर के जीवन पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेश के करीब तीन लाख बच्चे चार भाषाओं हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और पंजाबी में हिस्सा लेंगे।
डीसी प्रीति ने शनिवार को लघु सचिवालय के वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम में आगामी कार्यक्रमों के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली। कार्यक्रम के संबंध में डीसी ने कहा कि आगामी 20 और 21 नवंबर को यह यात्रा कैथल से होकर गुजरेगी और 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा।
यात्राएं क्रमशः आठ नवंबर को सिरसा के रोड़ी से, 11 नवंबर को पिंजौर से, 14 नवंबर को फरीदाबाद से और 18 नवंबर को यमुनानगर के कपाल मोचन से रवाना होंगी। कैथल में गुज़रने वाली यात्रा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का ध्यान रखा जाएगा, ताकि सुरक्षा और सुविधाओं में कोई कमी न रहे।
इससे पूर्व 31 अक्तूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन होगा। इस दौड़ का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और अखंडता के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई और संगत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में एसपी उपासना, एडीसी कम सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश, सिविल सर्जन डॉ. रेणु चावला, डीएफएसई निशांत राठी और डीआईओ दीपक खुराना आदि उपस्थित रहे।