संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इनेलो की राज्य स्तरीय रैली को लेकर सोवार को दिनभर शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से बंद रहेगा। इसके लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। यातायात पुलिस ने 15 नाके लगाए हैं। इस दौरान अंबाला रोड पर डीपीएस स्कूल और जींद रोड पर तितरम मोड़ से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
यातायात पुलिस का कहना है कि जाम की स्थिति न बने, इसके लिए ही एसपी उपासना यादव के निर्देशों पर यह प्रबंध किए गए हैं। यातायात पुलिस प्रभारी रमेश ने बताया कि भारी वाहनों के प्रवेश के प्रतिबंध के लिए नाकों पर पुलिस कर्मी भी मौजूद रहेंगे। वहीं बसों के रूटों को भी डायवर्ट किया गया है।
जींद व हिसार की तरफ से आने वाले बसों को तितरम मोड बाइपास से करनाल रोड और अंबाला व चंडीगढ़ की तरफ से आने वाली सभी बसों को ढांड रोड पुल से होते हुए बस स्टैंड से भेजा जाएगा। इसके साथ ही विस्तार अनाज मंडी वहीं, ताऊ देवीलाल की जयंती पर होने वाली रैली को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अतिरिक्त अनाज मंडी में आयोजित होने वाली रैली में आज देशभर से राष्ट्रीय स्तर के 22 बड़े नेता पहुंचेंगे।
रैली स्थल पर ढाई हजार से अधिक पार्टी वालंटियर तैनात रहेंगे। वहीं, रैली स्थल पर ही हैलीपेड बनाया गया है। हालांकि आयोजकों का कहना है यह एक गैर राजनीतिक कार्यक्रम है। यहां पर जो भी बड़े नेता पहुंच रहे हैं, वे देश के पूर्व उप मुख्यमंत्री ताऊ देवीलाल को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचेंगे।
यातायात पुलिस ने यहां पर लगाए नाके
अंबाला रोड पर डीपीसी स्कूल वाला बाईपास, तितरम मोड बाईपास, चंदाना रोड पर तेजी मान चौक, करनाल रोड नाका, करनाल रोड पुल, ढांड रोड चौक, अंबाला रोड बाईपास, जींद रोड बाईपास, खनौरी-पातड़ा रोड बाईपास, पिहोवा चौक, विश्वकर्मा चौक , प्यौदा-हरसौला रोड बाईपास, पुराना बस स्टैंड चौक, जींद रोड पुल, जींद रोड पर चुंगी।
इनेलो राज्य स्तरीय रैली को लेकर जाम की स्थिति शहर में न बने, इसके लिए यातायात पुलिस की तरफ से अलग से व्यवस्था बनाई गई है। यातायात कर्मचारी भी व्यवस्था बनाने के लिए तैनात रहेंगे। रैली के कारण शहर में नाके लगा भारी वाहनों के प्रवेश को बंद किया गया है, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार से कोई परेशानी न झेलनी पड़े। - उपासना यादव, पुलिस अधीक्षक।