संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला प्रशासन की ओर से रविवार को आयोजित हाफ मैराथन में शहर के लोगों ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ भागीदारी की। नशामुक्ति के संदेश को लेकर आयोजित इस मैराथन में सुबह 5 बजे से ही शहरवासी बड़ी संख्या में शामिल होने पहुंचे लगे थे।
रूट पर जगह-जगह आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों और हरियाणवी लोकगीतों ने माहौल को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाने और मनोरंजन के साथ-साथ उन्हें देशभक्ति व नशे से दूर रहने की प्रेरणा भी दी गई।
हरियाणवी कलाकारों व जनसंपर्क विभाग की टीम ने गीत-नाट्य और रागनियों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसमें अधिकारी वर्ग से लेकर विद्यार्थी तक शामिल हुए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाफ मैराथन के दौरान रूट पर लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया और विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। आयोजन स्थल पर जनसंपर्क विभाग की ओर से मुख्यमंत्री की योजनाओं पर आधारित रागिनी प्रस्तुत की गई, जिसे सीएम ने सराहा और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
सीएम सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त भविष्य की ओर प्रेरित करने के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इसके साथ-साथ हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत मैराथन जैसे आयोजन करके युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक सतपाल जांबा, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति सैनी, भाजपा नेता अशोक कुमार गुर्जर, अमरपाल राणा, कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीला राम, कुलवंत बाजीगर, जिला परिषद अध्यक्ष कर्मबीर कौल, नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग, कैलाश भगत, अरुण सर्राफ, मुनीष कठवाड़, तुषार ढांडा, सीएम के विशेष कार्यकारी अधिकारी पंकज नैन, आरटीए गिरिश कुमार, जिप सीईओ सुरेश राविश, डीएमसी सुशील कुमार, एसडीएम अजय हुड्डा आदि मौजूद रहे।
देसी पकवान, हरियाणवी गीत बने आकर्षण का केंद्र
मैराथन रूट पर विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों से आए बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। किसानों द्वारा देसी खान-पान और प्रगतिशील खेती की झलक भी प्रस्तुत की गई। इंग्लिश चैनल तैरकर पार करने वाले एडीसी दीपक बाबूलाल और एसडीएम प्रमेश कैप्टन ने भी 21 किमी दौड़ पूरी कर युवाओं को प्रेरित किया, जिन्हें मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
प्रशासन-जनता के सहयोग से होंगे ऐसे आयोजन ः सीएम
मुख्यमंत्री ने पुलिस और आमजन के बीच विश्वास व सहयोग को मजबूत करने के लिए भी इस तरह के कार्यक्रमों को अहम बताया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को समय दें और अगर कोई युवा भटक रहा हो, तो उसे सही दिशा में लाने की कोशिश करें। इस मौके पर डीसी प्रीति और एसपी आस्था मोदी ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया।