संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह ने खंड गुहला के सभी विभागों के अधिकारियों से साथ बैठक कर उन्हें किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी अधिकारी व कर्मचारी किसी भी हालत में स्टेशन न छोडें। किसी भी समय किसी भी अधिकारी व कर्मचारी की डयूटी लगाई जा सकती है। उन्होंने बीडीपीओ को आदेश देते हुए कहा कि गांवों में ग्राम सचिव, पटवारी की डयूटी लगाकर पब्लिक अनाउंसमेंट, लाउड स्पीकर, सायरन लगवाना सुनिश्चित करें, ताकि आपातकालीन स्थिति में लोगों को घर बैठे सही जानकारी दी जा सके।
गांवों में गुरुद्वारों, मंदिरों, बैंकों में लगे लाउडस्पीकरों को चेक करें, ताकि आपातकालीन स्थिति में इनका इस्तेमाल किया जा सकें। प्रत्येक गांव में ग्राम सचिव या पटवारी हर समय मौजूद रहे तथा किसी भी तरह की गलत अफवाहें न फैलने दें। उच्च अधिकारियों से तालमेल कर प्रशासन द्वारा दी जा रही सही जानकारी को लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
नगर पालिका अधिकारी सुनिश्चित करें कि शहर में पब्लिक अनाउंसमेंट के लिए जगह को चिन्हित कर लाउड स्पीकर लगवाएं। उन्होंने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी से एंबुलेंसों की भी जानकारी हासिल की। एसडीएम ने आमजन अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक घरों से बाहर न जाए। गलत अपवाहें न फैलने दें, तथा जागरूक रहें।
इस अवसर पर डीएसपी कुलदीप बैनिवाल, नायब तहसीलदार बंसीलाल, बीडीपीओ समिता, मार्किट कमेटी सचिव सतबीर राविश, नगरपालिका सचिव जितेन्द्र, एसडीओ अजमेर सिंह व
इंद्रराज पंवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे समय में रक्त की आवश्यकता रहती है। इसलिए आमजन रक्तदान शिविरों में रक्त दान करें।
कलायत एसडीएम ने भी जारी किए निर्देश
कलायत। कलायत एसडीएम कृष्ण कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर मौजूदा हालात के मद्देनजर आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मेडिकल उपकरण, वार्ड, एंबुलेंस सुविधा हर समय तैयार रहे। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि गांव स्तर पर टीम बनाई जाए।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि साइबर अटैक आदि से भी सतर्क रहें। सभी अधिकारी व कर्मचारी अपना मोबाइल चालू रखें। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों व अधिकारियों की छुट्टियां आगामी आदेशों तक रद्द हैं। अपने क्षेत्र में सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से जुड़े उपकरणों, वाहनों को जांच कर उन्हें ठीक हालत में रखें। संवाद