गुहला-चीका। एसडीएम मनीष कुमार यादव ने कहा कि गुहला-चीका क्षेत्र के लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। नागरिकों के सहयोग से क्षेत्र को चमकाने का काम किया जाएगा।
एसडीएम मनीष कुमार यादव ने उपमंडल कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित किया। उन्होंने प्रेस प्रतिनिधियों से गुहला क्षेत्र की मुख्य समस्याओं के बारे में फीडबैक भी लिया। एसडीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरा करना है। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं और परियोजनाओं के बारे में अच्छी तरह से निगरानी हो, इसके लिए उपमंडल कार्यालय में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को विभाग आवंटित किए गए हैं, ताकि वे समय-समय पर संबंधित विभाग से योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे और कहीं समस्या आएगी तो मुख्यालय स्तर पर भी समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा।
एसडीएम ने कहा कि डीसी अपराजिता के मार्गदर्शन में संभावित बाढ़ के प्रबंधन के लिए जिला प्रशासन पूरी निगरानी बनाए हुए है। संबंधित विभागों की ओर से तेज गति से कार्य किया जा रहा है। समय-समय पर संभावित बाढ़ क्षेत्रों का दौरा भी किया गया है। गुहला क्षेत्र में साफ-सफाई के लिए शहरी क्षेत्र के लिए नगर पालिका के अधिकारियों व कर्मचारियों और ग्रामीण क्षेत्र में खंड विकास व पंचायत अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।