कैथल/गुहला-चीका। जिला नगर योजनाकार की टीम ने मंगलवार को शहर के सेक्टर 21 और गुहला में चीका-पटियाला रोड पर अवैध निर्माण गिराया। सेक्टर में 21 में अवैध रूप से बनाई जा रही दुकान को गिराया गया, वहीं चीका में अवैध कॉलोनी में बने दो शोरूम पर पीला पंजा चलाया गया।
अवैध निर्माण तोड़ने के लिए चीका बिजली बोर्ड विभाग के एसडीओ अजय कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया था। कैथल में यह कार्रवाई डीटीपी राजकीर्ति के नेतृत्व में हुई। चीका में जिला नगर योजनाकार की टीम आज सुबह जेसीबी मशीन व भारी पुलिस बल के साथ चीका के पटियाला रोड पर पहुंची और वहां पर बनाए गए दो शोरूम को तोड़ दिया।
डीटीपी राजर्कीति ने बताया कि विभाग को शिकायत मिली थी कि सेक्टर 21 कैथल में और चीका के पटियाला रोड पर अवैध रूप से शोरूम बनाए जा रहे है। उन्होंने बताया कि पहले शोरूमों के मालिक को नोटिस दिए गए थे, लेकिन जब उसने नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया तो विभाग को इस निर्माण को तोडऩा पड़ा है।
उल्लेखनीय है कि इसी कालोनी में पिछले साल भी जुलाई
माह अवैध रूप से बनाई गई सड़कों को उखाड़ा गया था और बनाए गए दोनों शोरूम का एक माह के अंदर नगरपालिका से पास करवाया गया नक्शा दिखाने का नोटिस दिया था, लेकिन शोरूम मालिकों ने ऐसा नहीं किया।