कैथल। कैथल सीआईए-1 की टीम की पशु तस्करों के बीच बुधवार देर रात को मुठभेड़ हुई। इस दौरान करीब 75 राउंड फायरिंग हुई। सौ किलोमीटर तक तीन घंटे चली मुठभेड़ के बाद चारों बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जींद के करसिंधू गांव के पास जंगल से भागने में कामयाब रहे।
पुलिस ने तस्करों की गाड़ी, उसमें से एक अवैध पिस्तौल, दो कारतूस एवं एक छुरा बरामद किया है। मुठभेड़ में किसी को गोली को तो नहीं लगी, लेकिन पुलिस टीम में शामिल एक ईएचसी राजेंद्र सिंह के सिर पर ईंट लगने से चोट आई है। कलायत पुलिस ने अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ पुलिस पार्टी पर हमला करने, फायरिंग करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सीआईए-1 की टीम बुधवार रात करीब बारह बजे राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 65 पर गांव बात्ता के निकट गश्त पर थी। टीम का नेतृत्व एएसआई रणधीर सिंह कर रहे थे। पुलिस पार्टी ने कैथल की ओर से आ रही एक बोलेरो को रुकवाने का प्रयास किया। लेकिन चालक गाड़ी नहीं रोकी और कलायत की तरफ निकल गया। पुलिस ने गाड़ी का पीछा शुरू किया।
कलायत में चालक ने बोलेरो को गांव रामगढ़ की ओर मोड़ लिया। यहां बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर दो राउंड फायरिंग की। पुलिस ने भी जवाब दिया और पीछा भी करते रहे। यहां से बदमाश गांव रामगढ़, बड़सीकरी, मटौर, कलासर, किठाना के बाद जींद के गांव मांडी, लोधर, सिंघवाल, काबड़छा से होते हुए करसिंधू की ओर निकल भागे। इस भागमभाग में आरोपी पुलिस पर फायरिंग करते रहे। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की।
ईंट लगने से एक पुलिस कर्मी घायल
पशु तस्करों ने पुलिस पार्टी पर करीब 50 राउंड फायरिंग की। ईएसआई रणधीर सिंह के नेतृत्व में 1 कंबाइन एवं दो सर्विस रिवॉल्वर से 25 राउंड फायरिंग कर बदमाशों को जवाब दिया। किसी को गोली तो नहीं लगी, लेकिन ईएचसी राजेंद्र सिंह के सिर में ईंट लगने से चोटें आईं। कैथल, जींद, उचाना, नरवाना थानों से पुलिस पार्टियां भी सूचना मिलने पर रवाना हुई। लेकिन रात के समय वीटी पर सही लोकेशन न आने के कारण मदद को आई पुलिस टीम बदमाशों एवं पीछा कर रही पुलिस पार्टी की सहायता के लिए नहीं पहुंच सकी।
करीब 3 बजे गांव करसिंधू के पास पहुंच कर बदमाशों की गाड़ी के टायर में पुलिस की गोली लगी और टायर पंक्चर हो गया। गाड़ी गांव में एक गड्ढे में जा घुसी। गड्ढे में गाड़ी फंसने के कारण उसेे छोड़ गए और अंधेरे का फायदा उठाकर जंगलों में भागने में कामयाब रहे।
पुलिस ने इलाका घेरा नहीं मिले तस्कर
सूचना मिलने पर कैथल, कलायत, उचाना एवं नरवाना, सीआईए कैथल एवं जींद सहित कई पुलिस जिप्सियों ने गांव करसिंधू एवं आसपास का इलाका घेर लिया। लेकिन सुबह 10 बजे तक भी तस्करों का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने पशु तस्करों की गाड़ी को कब्जे में लिया। उसमेें से एक अवैध पिस्तौल, दो कारतूस एवं एक छुरा बरामद हुआ। गाड़ी में अंदर पशुओं को बांधने के लिए कूंडे लगे थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि गाड़ी में सवार चार लोग पशु चोरी के लिए आए थे।
आरोपियों के पास था भारी असलाह : एसआई
पुलिस पार्टी का नेतृत्व कर रहे एसआई रणधीर सिंह ने बताया कि उन्होंने फैसला कर लिया था, जब तक गाड़ी में पेट्रोल होगा, तब तक वे पीछा नहीं छोड़ेंगे। तस्करों को पकड़ कर ही दम लेंगे। लेकिन गांव करसिंधू के पास बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे। उनके पास भारी मात्रा मेें असलाह था। इस बारे में कलायत पुलिस में शिकायत दे दी गई है। टीम में ईएएसआई राजेंद्र सिंह, हेडकांस्टेबल जसवंत सिंह, ईएचसी राजेंद्र सिंह एवं ड्राइवर जयबीर सिंह शामिल थे।