संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जाखौली अड्डा स्थित अग्रसेन धर्मशाला में शनिवार को ऑल हरियाणा पीडब्लयूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन का 24वां प्रांतीय प्रतिनिधि सम्मलेन हुआ। इस सम्मेलन में प्रदेशभर से सभी जिलों के करीब एक हजार कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कर्मचारी यूनियन सरकार के खिलाफ गरजी और सरकार पर कर्मचारियों के हित में किए गए वायदों को पूरा न करने का आरोप लगाया।
सम्मेलन में अखिल भारतीय कर्मचारी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एमएल सहगल और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी मंगल सिंह दिलावर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
यूनियन का कहना था कि कर्मचारियों को हर चुनाव में उनकी मांगों को पूरा करवाने का आश्वासन दे दिया जाता है। परंतु जैसे ही चुनाव बीत जाता है तो उनके साथ सौतेला व्यवहार कर उन्हें अनदेखा कर दिया जाता है।
मुख्य वक्ता एमएल सहगल और मंगल सिंह दिलावर ने कहा कि अब समय है कि हम अपनी ताकत को दिखाएं और हमारी अनदेखी करने वाले लोगों को पटखनी दें। सरकारें आती हैं और जाती है, लेकिन कम से कम कर्मचारियों को अनदेखा तो न किया जाए। इस सम्मेलन की अध्यक्षता राज्य प्रधान विश्वनाथ शर्मा ने की। जबकि मंच संचालन नरेंद्र धीमान ने किया। इस मौके पर जिला प्रधान कर्मचंद मलिक, महाबीर संधू, बहादुर शर्मा, बलवान कुंडू सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।