संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कर्मचारियों के प्रदर्शन से शहर में कई जगहों पर जाम की स्थिति रही। वीरवार सुबह करीब 10 बजे विभिन्न विभागों के कर्मचारी जवाहर पार्क में एकत्रित हुए। नारेबाजी करते लघु सचिवालय पहुंचे और गेट के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। इस बीच दोपहर तक शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही। पिहोवा चौक और छोटू राम चौक पर वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी।
पटवार भवन में सन्नाटा ः पटवार भवन में भी हड़ताल का असर साफ दिखाई दिया। जमीन की रजिस्ट्री, इंतकाल, फर्द और अन्य राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित रहे। पटवारियों और संबंधित स्टाफ के हड़ताल पर रहने से कार्यालय परिसर में सन्नाटा पसरा रहा।
हड़ताल में शामिल नहीं हुए एसबीआई और ग्रामीण बैंक
जिला लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) सुमन कुमार के अनुसार बैंकों में एक दिन में करीब 100 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉईज एसोसिएशन, बैंक एम्प्लॉईज फेडरेशन ऑफ इंडिया और ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन हड़ताल में शामिल रहे। एसबीआई और ग्रामीण बैंक हड़ताल में शामिल नहीं हुए, इसलिए वहां कार्य सामान्य रूप से चलता रहा। लगभग 70 प्रतिशत क्लर्क और अन्य बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहे।