फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शक्ति स्वरूपा : खुद पढ़ाई के साथ 6 साल से बच्चों को नि:शुल्क नृत्य सिखा रहीं स्नेहा

विज्ञापन
स्नेहा वर्मा
विज्ञापन
कैथल। कलायत की स्नेहा वर्मा पिछले छह वर्षों से बच्चों को निशुल्क नृत्य का प्रशिक्षण दे रही हैं। उनकी उम्र महज 20 साल है। उनका लक्ष्य बच्चों की प्रतिभा को नई पहचान दिलाना है। स्नेहा अपनी पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को लोकनृत्य और अन्य नृत्य विधाएं सिखाती हैं। वह बच्चों को विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करती हैं। उनके प्रयासों से कई बच्चे स्कूल, जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं।
विज्ञापन

कलायत के वार्ड नंबर 10 निवासी नरेश वर्मा की बेटी स्नेहा वर्मा राजकीय कपिल मुनि महिला महाविद्यालय में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा हैं। नृत्य के प्रति बचपन से लगाव रखने वाली स्नेहा ने अपनी कला को केवल खुद तक सीमित नहीं रखा बल्कि दूसरे बच्चों को भी आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। करीब छह साल पहले शुरू किया गया उनका यह प्रयास आज कई बच्चों के लिए अपनी प्रतिभा निखारने का माध्यम बन गया है।

नृत्य केवल मनोरंजन का साधन नहीं
स्नेहा का मानना है कि नृत्य केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करने और उन्हें अपनी पहचान बनाने का अवसर देने का माध्यम भी है। इसी उद्देश्य से वह बिना किसी शुल्क के बच्चों को प्रशिक्षण देती हैं। उनकी इस पहल की स्थानीय पार्षद एवं नंबरदार संजय सिंगला सहित क्षेत्र के लोगों ने सराहना की है।
विज्ञापन


नेपाल में जीता रजत पदक, जम्मू में हासिल किया स्वर्ण
स्नेहा ने नृत्य के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2024 में नेपाल के पोखरा में आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल डांस प्रतियोगिता में उन्होंने रजत पदक जीता। इससे पहले वर्ष 2023 में जम्मू में आयोजित नच ले इंडिया सीजन-7 में स्वर्ण पदक हासिल किया। वर्ष 2025 में हरियाणा कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग के रंग-ए-नूर कार्यक्रम में भी रजत पदक प्राप्त किया। इसके अलावा राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हरियाणवी फिल्म दादा लख्मी में उन्होंने लख्मी की बहन की भूमिका निभाई।

बच्चों को निशुल्क प्रशिक्षण देने पर गणतंत्र दिवस पर मिला सम्मान
स्नेहा को कला के क्षेत्र में उपलब्धियों के साथ समाज सेवा के लिए भी सम्मान मिल चुका है। बच्चों को 6 वर्षों से नि:शुल्क नृत्य प्रशिक्षण देने के लिए 26 जनवरी 2026 को कलायत में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न कार्यक्रमों में तत्कालीन राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल भी उन्हें सम्मानित कर चुके हैं।

दूसरे युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
स्नेहा के सामाजिक योगदान और उपलब्धियों को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से उन्हें रोल मॉडल के रूप में भी प्रस्तुत किया गया है। स्नेहा का कहना है कि वह भविष्य में भी बच्चों को नि:शुल्क नृत्य सिखाने का कार्य जारी रखेंगी, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।

स्नेहा वर्मा

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें