बिजली निगम के बाहर प्रदर्शन करते कर्मचारी। विज्ञप्ति
गुहला-चीका। ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन ने डिवीजन कार्यालय के बाहर नौवें दिन भी गेट मीटिंग कर प्रदर्शन किया। यूनिट प्रधान संदीप सैनी की अध्यक्षता में कर्मचारियों ने विभागीय अधिकारियों पर वादाखिलाफी और भेदभाव का आरोप लगाते हुए मांगें पूरी करने की मांग की।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि 14 अक्तूबर को एक्सईएन गुहला के साथ हुई बैठक में मांगों को जायज मानते हुए समाधान का आश्वासन दिया गया था लेकिन कार्यवाही विवरण जारी होने के बावजूद मांगें लागू नहीं हुईं। उन्होंने एसडीओ चीका पर जेई रामनिवास का कार्यक्षेत्र बदलने का प्रयास करने और कार्यालय में कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति नहीं होने का भी आरोप लगाया। इससे उपभोक्ताओं को काम करवाने के लिए चक्कर काटने पड़ते हैं। यूनियन ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन, जुलूस और पुतला दहन सहित आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान यूनिट सचिव राकेश कुमार, श्याम लाल, सुदर्शन कुमार सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।
बिजली निगम के बाहर प्रदर्शन करते कर्मचारी। विज्ञप्ति