पूंडरी। एचएसईबी वर्कर यूनियन की सभी सब यूनिटों ने यूनिट पूंडरी के आह्वान पर डिविजन परिसर में सुनील जेई और नरेश जेई के तबादलों के विरोध में कार्य निलंबित कर छठे दिन भी धरना-प्रदर्शन किया। धरने की अध्यक्षता जिला महासंघ कैथल के कोषाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने की जबकि मंच संचालन सब यूनिट नंबर एक के सचिव सुशील नैन ने किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि विधायक की ओर से विभागीय नियमों के विपरीत काम करवाने के लिए कर्मचारियों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का दबाव निगम के नियमों के खिलाफ है। कुलदीप सिंह ने कहा कि विधायक और निगम प्रशासन अपनी हठधर्मिता पर अड़े हुए हैं। सुनील जेई और नरेश जेई के तबादलों से कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निगम प्रबंधन ने समय रहते दोनों तबादले रद्द नहीं किए तो आंदोलन को यूनिट पूंडरी से बढ़ाकर कैथल सर्कल और फिर पूरे प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा। धरने में जितेंद्र बाकल, राममेहर जेई, प्रवीण बतान, यशपाल, सतीश कुमार, सुशील कुमार, धर्मपाल जेई, सिया राम मौजूद रहे।