संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कैलरम गांव में करंट लगने से 26 वर्षीय युवक संदीप की दर्दनाक मौत के मामले में बिजली विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। विभाग ने लापरवाही बरतने के आरोप में लाइनमैन अशोक कुमार और असिस्टेंट लाइनमैन पवन व अनिल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई विभागीय जांच के आधार पर की गई है और आगे की जांच जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीते शनिवार दोपहर संदीप खेत में काम कर रहा था। उसके घर के सामने स्थित ट्रांसफार्मर को शिफ्ट किया गया था, जिसमें दो तार ठीक से खींचे गए थे, जबकि एक तार नीचे लटकता हुआ रह गया था। काम करते समय संदीप की ट्राली उस लटकते तार से टकरा गई और करंट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बिजली विभाग ने तत्काल जांच शुरू की। कैथल पॉवर हाउस के एसई सोमबीर भालोठिया ने कहा कि उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और जिम्मेदारी कैथल एक्सईएन मनीष को सौंपी गई थी।
उन्होंने बताया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बिजली विभाग द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में यह कार्रवाई औपचारिक रूप से दर्शाई गई है।
हादसे के चार दिन बाद भी नहीं सुधरे बिजली के तारजानकारी के बावजूद विभाग की लापरवाही जारी है। जिन ढीले तारों के संपर्क में आने से युवक की जान गई थी, वे अब भी वैसे ही नीचे लटक रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई थी, बावजूद इसके अब तक न तारों को दुरुस्त नहीं किया गया। इस लापरवाही पर ग्रामीणों में भारी रोष दिख रहा है। संवाद