प्रदर्शन करते बिजली निगम के कर्मचारी। विज्ञप्ति
गुहला-चीका। ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन के बैनर तले बिजली निगम कर्मचारियों का अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन लगातार आठवें दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने निगम कार्यालय के बाहर गेट मीटिंग कर अधिकारियों के मनमाने रवैये के खिलाफ नारेबाजी की और लंबित मांगें पूरी करने की मांग उठाई।
गेट मीटिंग की अध्यक्षता यूनिट प्रधान संदीप सैनी ने की जबकि मंच संचालन यूनिट सचिव राकेश कुमार ने किया। संदीप सैनी ने आरोप लगाया कि अधिकारियों के साथ पूर्व में हुई बैठकों के कार्यवृत्त में दर्ज मांगों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लिखित आश्वासन देने के बावजूद कर्मचारियों की समस्याएं लंबित हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से उनके पद और कार्यक्षेत्र के अनुसार ड्यूटी नहीं ली जा रही है। यूनियन ने मांग की कि कार्यालयों में लिपिकीय कार्य कर रहे सहायक लाइनमैन (एएलएम) को हटाकर फील्ड में भेजा जाए, ताकि तकनीकी कर्मचारियों से उनके मूल कार्य करवाए जा सकें। साथ ही कर्मचारियों के काम में अनावश्यक देरी और कार्यालयों में गुटबाजी पर रोक लगाने की मांग भी उठाई।
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर शहर में अधिकारियों के खिलाफ पोल खोल अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा धरना-प्रदर्शन और पुतले फूंकने जैसे आंदोलन भी किए जाएंगे। इस अवसर पर राज्य उपप्रधान स्वराज सिंह, वीरेंद्र कुमार, चांद राम और ओम प्रकाश सहित कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रदर्शन करते बिजली निगम के कर्मचारी। विज्ञप्ति