संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में दो अलग-अलग जगहों पर लाखों रुपये के बिजली का सामान चोर चुरा ले गए। इससे बिजली निगम को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कलायत थाना में दी गई शिकायत में कलायत बिजली निगम कार्यालय के एसडीओ अंकित ने बताया कि 14 अप्रैल को गांव बडसीकरी खुर्द में बलवंत व गुरजंट के खेतों से चोरों ने एपी कनेक्शन का ट्रांसफार्मर चोरी कर लिया। इस चोरी से निगम को एक लाख आठ हजार रुपये का नुकसान हुआ है। जांच अधिकारी बलवान ने बताया कि एसडीओ की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में पूंडरी थाना में दी गई शिकायत में पूंडरी बिजली निगम के एसडीओ रविंद्र ने बताया कि 17 अप्रैल को एएफएम प्रवीन सिंह के क्षेत्र में गांव करोड़ा में चोरों ने किशन लाल, हुकमी राम, ओमपति के खेतों से भी ट्रांसफार्मर व ट्रांसफार्मर का सामान चुराया। इससे बिजली निगम को एक लाख 69 हजार रुपये का नुकसान हुआ है पूंडरी थाना के जांच अधिकारी बिरेंद्र सिंह ने बताया कि एसडीओ की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।