कैथल। आरकेएसडी कॉलेज प्रबंधक समिति के चुनाव में अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। अमर उजाला द्वारा 24 जुलाई के अंक में उठाए गए मुद्दे के बाद एसडीएम और कॉलेज प्रशासक मनदीप कौर ने तीसरा रिमाइंडर जिला फर्म एंड सोसाइटी के रजिस्ट्रार को भेजा है। जिस पर विभाग की ओर से शीघ्र ही आदेश जारी हो सकते हैं।
विदित रहे कि आरकेएसडी कॉलेज में गत वर्ष 4 अगस्त को प्रशासक नियुक्त हुआ था। सरकार के आदेशानुसार प्रशासन को एक साल के भीतर-भीतर चुनाव करवाकर संस्था को प्रबंधन समिति के हवाले करना था। लेकिन इस अवधि में अभी तक चुनाव प्रक्रिया शुरू तक नहीं हो पाई थी। वोटर लिस्ट में सक्रिय 3714 सदस्यों के अलावा शहर के गणमान्य व्यक्ति इस कॉलेज से जुड़े हुए हैं।
जिस कारण पूरे शहर की नजरें इस संस्था पर हैं। वर्तमान एसडीएम और कॉलेज प्रशासक मनदीप कौर द्वारा अपने पिछले कार्यकाल में चुनाव की पूरी प्रक्रिया तैयार कर चुकी थी। लेकिन उनके बाद आए एसडीएम ने फिर से प्रिंसिपलों की कमेटी बनाकर वोटर लिस्ट सहित अन्य आपत्तियां दूर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। अमर उजाला में यह समाचार प्रकाशित होने के बाद वर्तमान प्रशासक और एसडीएम मनदीप कौर ने फिर से चुनाव को लेकर संज्ञान लिया है।
एसडीएम ने मंगवाए कॉलेज से कागजात
चुनाव प्रक्रिया को लेकर एसडीएम और प्रशासक ने आवश्यक कागजात फिर तलब किए हैं। उन्होंने मंगलवार को भी कॉलेज से कागजात मंगवाकर आवश्यक कार्रवाई की।
चुनाव की आहट से मची खलबली
वहीं चुनाव की आहट से कई स्टाफ सदस्यों में हड़कंप मच गया है। कई स्टाफ सदस्यों ने अधिकारियों, नेताओं और लोगों से चुनाव को लेकर जानकारी लेनी शुरू कर दी है। कई तो अभी से समीकरण बनाने लगे हैं कि कौन-कौन से पदाधिकारी फिर से चुनाव में उतरेंगे, उन्हें किस तरह उनका पाला थामना है।
तीसरा रिमाइंडर भेजा
प्रशासक मनदीप कौर ने बताया कि पूर्व में उन्होंने 21 कॉलेज बनाकर चुनाव के लिए भेज दिए थे। इसके बाद 2 फरवरी को भी चुनाव के लिए पत्र लिखा था। दो रिमाइंडर भेजने के बाद भी चुनाव नहीं हुए। इसके बाद उनका तबादला हो गया था। अब फिर उन्होंने तीसरा रिमाइंडर भेजा है। जिसमें जिला रजिस्ट्रार फर्म एवं सोसाइटी की ओर से ऑब्जेकशन लग कर आ गए थे। उन्हें दूर करते हुए फिर से चुनाव करवाने के लिए पत्र लिख दिया है। जैसे ही चुनाव संबंधी निर्देश मिलेंगे, चुनाव का एलान कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि चुनाव 3714 वोटों पर ही होगा।
अग्रवाल समाज से जुड़ी संस्था का चुनाव समाज के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न
भारतीय जनता पार्टी के नेता रॉकी मित्तल ने कहा कि आरकेएसडी कॉलेज में अधिकतर सदस्य अग्रवाल समाज से हैं। कॉलेज चुनाव समाज के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न है। सरकार से मांग है कि शीघ्र ही चुनाव करवाकर इसे प्रबंधन समिति के हवाले किया जाए।
कॉलेज के पूर्व प्रधान सतीश बंसल ने कहा कि 3 अगस्त से पहले चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाती है तो संस्था प्रबंधन समिति के हवाले जाने की उम्मीद बन सकती है। अन्यथा प्रशासक नियुक्ति की अवधि ना बढ़ने पर संस्था किसके हवाले होगी, यह सोचने का विषय है।
फर्म एवं सोसाइटी कार्यालय से चुनाव का शीघ्र हो सकता है एलान
सूत्रों से पता चला है कि फर्म एवं सोसाइटी कार्यालय से चुनाव के लिए पत्र जारी हो चुका है। लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। आने वाले एक या दो दिनों में यह पत्र जिलास्तर पर पहुंचने के बाद ही इसकी पुष्टि हो पाएगी।
एक नाम, राशि के नहीं हो सकेंगे दो कॉलेजियम सदस्य
कॉलेज के चुने जाने वाले 21 कॉलेजियम सदस्यों के नाम में एक रोचक तथ्य यह होगा कि उनके नाम के पहले अक्षरों की राशि नहीं मिल पाएगी। क्योंकि 3714 वोटरों को कॉलेजियम में जगह के अनुसार की बजाए अल्फाबेटिकली विभाजित किया गया है। जिसमें ए से लेकर यू तक के नाम के अनुसार कॉलेजियम बनाए गए हैं। जिससे 21 सदस्य ऐसे चुनकर आएंगे। जिनके नाम के पहले अक्षर अलग-अलग होंगे।