जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी एनके सोलंकी ने दस अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियाें की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्वक व पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। निर्वाचन आयोग द्वारा उम्मीदवारों के खर्चे का हिसाब रखने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक पर्यवेक्षक नियुक्त करने का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए जिला प्रशासन सभी आवश्यक प्रबंध कर रहा है। जिले में आदर्श आचार संहिता की समीक्षा के लिए नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी वीएन भारती को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इससे संबंधित जानकारी के लिए भारती से संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त चुनाव के संदर्भ में जानकारी के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी से भी संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को विभिन्न राजनीतिक पार्टियों तथा योजनाओं के बैनर, होर्डिंग, नारे आदि को तुरंत हटाने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अरविंद मल्हान, कैथल उपमंडलाधीश नरहरि सिंह बांगड़, उप पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी, रविंदर तौमर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगराधीश रणजीत कौर, डीआईओ दीपक खुराना, चुनाव तहसीलदार दिनेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।