कलायत। हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह सड़क हादसे में 68 वर्षीय बुजुर्ग बात्ता गांव निवासी ओमप्रकाश की मौत हो गई। उन्हें किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी।
मृतक के भतीजे सूबे सिंह ने बताया कि उनके चाचा हर सुबह की तरह खेत जा रहे थे। पेट्रोल पंप के पास पहुंचने के दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें उपचार के लिए कैथल के सामान्य अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस आरोपी को जल्द पकड़ने का प्रयास कर रही है। संवाद