संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जड़ौला गांव में एक बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर अज्ञात युवक ने मारपीट कर उसके कानों की सोने की बालियां छीन लीं और भाग गया।
वारदात के समय महिला घर में अकेली थी और सो रही थी, जिससे आरोपी को मौका मिल गया। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित महिला केसो देवी ने ढांड थाना में दी शिकायत में बताया कि वह गांव के पुराने मकान में अपनी बहन के साथ रहती हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेतों में बने नए मकान में रहते हैं। घटना वाले दिन उनकी बहन रिश्तेदारी में गई हुई थी, जिससे वह घर पर अकेली थीं।
महिला के अनुसार, रात करीब 12 बजे एक अज्ञात युवक घर में घुस आया और उनसे मारपीट कर कानों की सोने की बालियां छीनकर फरार हो गया। छीनी गई बालियों की कीमत 80 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
जांच अधिकारी गगनदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।