कैथल। जिले में अब तक डेंगू आठ मरीज मिले हैं। सोमवार को जींद रोड स्थित मॉडल टाउन निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले साल के मुकाबले इस बार डेंगू के मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में जिले में डेंगू के 92 मरीज मिले थे जबकि पिछले साल 20 अक्तूबर तक ही 35 से अधिक मामले सामने आ चुके थे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में 19 अक्तूबर तक डेंगू जांच के लिए कुल 1060 सैंपल लिए जा चुके हैं। सोमवार को 15 सैंपल लिए गए। विभाग की ओर से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू के मच्छर के लार्वा की जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने के लिए जागरूक किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें जिले में लगातार घरों और पानी जमा होने वाले स्थानों की जांच कर रही हैं। अब तक जिले में 14,53,123 घरों और 28,52,426 कंटेनरों की जांच की जा चुकी है। इस दौरान 3632 स्थानों पर लार्वा मिलने पर नोटिस और चालान जारी किए गए हैं।
सोमवार को भी विभाग ने लार्वा मिलने पर 32 चालान और नोटिस जारी किए थे। जिले में डेंगू की रोकथाम के लिए शहरी क्षेत्र में 36 और ग्रामीण क्षेत्र में 244 कर्मचारी अभियान में जुटे हैं। इनके अलावा 19 सुपरवाइजर भी निगरानी कर रहे हैं। उप सिविल सर्जन डॉ. नीरज मंगला ने बताया कि जिले में डेंगू के मच्छर के लार्वा की लगातार जांच की जा रही है। जहां भी लार्वा मिलता है, वहां संबंधित लोगों को नोटिस देने के साथ चालान भी किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों, छतों, कूलर, गमलों और अन्य बर्तनों में पानी जमा न होने दें। डेंगू से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनें और बुखार होने पर चिकित्सक से जांच करवाएं।