संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/गुहला-चीका/ढांड। पिछले दो दिन से लगातार छा रहे घने कोहरे के बीच शनिवार को अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई जबकि छह अन्य युवक घायल हो गए। ये हादसे मानस रोड, हाईवे 152-डी और चीका में पिहोवा रोड पर हुए। वहीं, ढांड के पबनावा गांव में 152 डी पर डायल 112 पर कार्यरत पुलिसकर्मी को अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, .जिस समय पुलिस कर्मी को वाहन चालक ने टक्कर मारी, उस समय वह वीडियो बना रहा था। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हुआ। इसमें उसकी टांग कट गई। इनके अलावा तीन अन्य लोग भी हादसों में घायल हुए हैं। इनमें जींद के रहने वाले साहिल और प्रदीप का नेशनल हाईवे 152डी पर एक्सीडेंट हुआ।
इसके अलावा कैथल के सजूमा गांव का रहने वाला अशोक भी हादसे का शिकार हुआ। जबकि चीका में हुए हादसे में एक युवक घायल हुआ। मानस गांव में हुए हादसे में मानस निवासी 27 वर्षीय रिंकू की मौत हो गई। इस मामले में कैथल सदर थाना की पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में मानस गांव निवासी धर्मबीर ने बताया कि तीन जनवरी वह और उसका मेरा भतीजा रिंकू और उसका दोस्त जगरूप अपने खेत से अपनी बाइकों पर गांव मानस जा रहे थे। वह और उसका भतीजा रिंकू व उसका दोस्त जगरूप उसके आगे-आगे अपनी बाइक पर जा रहे थे।
बाइक उसका भतीजा रिंकू चला रहा था व जगरूप उसके पीछे बैठा था। जब शाम करीब सवा सात बजे गौरव के मकान के पास पहुंचे तो सामने से एक सफेद रंग की कार चालक ने उसके भतीजे की बाइक को टक्कर मारी और टक्कर लगते ही उसका भतीजा रिंकू व उसका दोस्त जगरूप सड़क पर जा गिरा। दोनों को जिला नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने रिंकू को मृत घोषित कर दिया और जगरूप को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया।
चीका में युवक को ट्रक ने कुचला
चीका में भी शुक्रवार देर शाम सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। शुक्रवार रात को पटियाला रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में लगभग 25 वर्षीय युवक शुभम बंसल की मौत हो गई। उसे तेज गति से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रक ने युवक की टांगों और पेट के हिस्से को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर जान चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक दुर्घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया वहीं देर सायं हुई एक अन्य सड़क दुर्घटना में पिहोवा रोड पर में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। जिनमें से दो युवकों की हालत गंभीर है। चीका के अस्पतालों में प्राथमिक चिकित्सा इलाज के बाद दो युवकों को पटियाला रेफर किया गया था। जहां से एक युवक की हालत ठीक बताई जा रही है, जबकि दूसरे युवक की गंभीर हालत देखते हुए उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। मृतक शुभम बंसल के शव को गुहला पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
पिकअप-बस भिड़े, वीडियो बनाता पुलिसकर्मी घायल
ढांड में 152डी हाईवे पर धुंध के चलते एक पिकअप व बस की टक्कर हो गई। जिससे बस में सवार यात्रियों को हल्की चोटें आई। चालक को सिर, छाती व हाथ में चोट लगी है। दुर्घटनाग्रस्त हरियाणा राज्य परिवहन के बस परिचालक विक्रम में डायल 112 को इसकी सूचना दी।
परिचालक विक्रम ने बताया कि जैसे ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की वीडियोग्राफी करने लगे तो पीछे से आ रहे कैंटर चालक ने वीडियो बना रहे पुलिस कर्मचारी को टक्कर मारकर बस से जा टकराया। जिससे पुलिस कर्मचारी की टांग टूट गई। इतने में पीछे से आ रहे कार चालक ने भी कैंटर के पीछे टक्कर मारी।
हादसे में बस में सवार यात्रियों को व चालक को चोटें आई। परिचालक ने बताया कि घायल बस चालक जोगिंद्र व पुलिस कर्मचारी को एबुंलेंस की सहायता से सरकारी अस्पताल में ले जाया गया जहां डाॅक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद चालक को छुट्टी दे दी है।
बस के परिचालक ने बताया कि पिकअप में सवार चालक अपनी गाड़ी को सड़क के बीच में ही खड़े कर अंदर सो रहा था। उसने ना तो गाड़ी के इंडिकेटर जगाए हुए थे और ना ही किसी प्रकार का संकेत चिह्न लगाया हुआ था। उसने कहा कि अगर पिकअप का चालक थोड़ी सावधानी बरतता तो यह हादसा होने से बचा जा सकता था।
घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर चंदलाना में करनाल-पटियाला हाईवे पर निकासी प्वाइंट है। जहां पर यात्रियों के लिए होटल, पेट्रोल पंप तथा प्राथमिक उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर बनाया हुआ है, जो बंद पड़ा हुआ है। यात्रियों तथा वाहन चालकों का कहना है कि वैसे तो हाईवे पर जगह-जगह टोल वसूल किया जा रहा है, लेकिन दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक उपचार के नाम पर सरकार के दावे फेल हो रहे हैं।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर जोगिंद्र ने बताया कि हाईवे 152डी पर हुई दुर्घटना में मौके पर पहुंचे एसपीओ जयपाल को वाहन चालक ने टक्कर मार दी। इससे उसकी टांग टूट गई। कैथल के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है। उसके बयान के आधार पर ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।