कैथल। आर्यन इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव के पहले दिन विद्यार्थियों के ठहरने के लिए अव्यवस्था सामने आई। पहले दिन उम्मीद से ज्यादा विद्यार्थी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए ठहरने के लिए पहुंच गए। आरोप है कि शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों के ठहरने का पर्याप्त इंतजाम समय रहते नहीं किया गया। जब विद्यार्थियों की संख्या अनुमान से अधिक पहुंची तो विभाग ने एक निजी स्कूल को ईमेल भेजकर बच्चों के ठहरने की व्यवस्था करने के लिए कहा। इस मामले में स्कूल की ओर से डीसी को शिकायत की गई। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार का कहना है कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं योजना के अनुसार की गई थीं। विद्यार्थियों की संख्या विभाग को मिली जानकारी से अधिक पहुंच गई थी। एक होटल में इतनी बड़ी संख्या में बच्चों को ठहराना संभव नहीं था। ऐसे में आपात स्थिति को देखते हुए अस्थायी व्यवस्था के लिए निजी स्कूल को ईमेल भेजी गई थी। उन्होंने कहा कि यह किसी अव्यवस्था के कारण नहीं बल्कि अचानक अधिक संख्या में बच्चों के पहुंचने पर की गई।
डीसी नहीं पहुंची शुभारंभ के लिए
राज्य स्तरीय उत्सव का शुभारंभ मंगलवार सुबह 11 बजे उपायुक्त अपराजिता को करना था लेकिन वे कार्यक्रम में नहीं पहुंचीं। डीसी अपराजिता ने कहा कि अचानक मुख्यमंत्री की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आ जाने के कारण वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं। इसके बाद जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी गुलजार मलिक ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया।
देरी से हुआ प्रतियोगिताओं का शुभारंभ
मुख्यातिथि के नहीं पहुंचने के कारण प्रतियोगिताओं का शुभारंभ भी देरी से हुआ है। पहले सुबह 11 बजे शुभारंभ का समय निर्धारित था लेकिन बाद में ये दोपहर बाद हुआ और इसके कारण देर रात तक ये प्रतियोगिताएं चलीं और प्रतिभागियों को भी इससे परेशानी झेलनी पड़ी, क्योंकि परिणाम घोषित नहीं होने के कारण वे वापस नहीं जा सके या उसमें देरी हुई।
ड्यूटियां लगाने को लेकर भी दिखी नाराजगी
आयोजन में ड्यूटियां लगाने के लिए भी कुछ स्कूल प्रिंसिपलों और अधिकारियों-कर्मचारियों में नाराजगी दिखी। उनका कहना था कि आयोजन की पूरी जिम्मेदारी एक व्यक्ति के पास होने के कारण विभाग के कई अधिकारियों को भी व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी नहीं थी। कुछ वरिष्ठ प्रिंसिपलों को जिम्मेदारी नहीं दिए जाने पर भी सवाल उठाए गए। उनका मानना था कि आयोजन में बेहतर समन्वय होता तो ऐसी स्थिति से बचा जा सकता था।