संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर की एक कॉलोनी में रहने वाली नाबालिग लड़की की फोटो और वीडियो को एडिट कर इंस्टाग्राम पर अपलोड करने और बाद में उसे लगातार मैसेज भेजकर परेशान करने का मामला सामने आया है।
पीड़िता की मां की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने इंस्टाग्राम पर अपनी कोई फोटो लगाए बिना ‘अभिषेक’ नाम से फर्जी आईडी बना रखी थी। करीब डेढ़ माह पहले आरोपी ने नाबालिग लड़की की वीडियो एडिट कर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दी और इसका लिंक उसे संदेश के माध्यम से भेज दिया। इसके बाद आरोपी लगातार लड़की को मैसेज भेजने लगा और उसे मानसिक रूप से परेशान करता रहा।
लड़की द्वारा आरोपी को मैसेज न भेजने की चेतावनी देने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर लड़की ने पूरी जानकारी अपनी मां को दी, जिसके बाद पीड़िता की मां ने शहर थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में शहर थाना प्रभारी गीता ने बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इंस्टाग्राम आईडी और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।