संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पालिका सीवन ने नगर के एक स्थानीय पार्क में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का संचालन नगरपालिका सचिव दीपक कुमार के दिशा-निर्देशानुसार किया गया।
इस अवसर पर नगरपालिका की मोटीवेटर भतेरी देवी और लिपिक बलजीत सिंह ने पार्क परिसर में पौधारोपण कर हरियाली का संदेश दिया और डस्टबिन लगाए, ताकि नागरिकों को कचरा पृथक्करण के लिए प्रेरित किया जा सके।
भतेरी देवी ने नागरिकों से कहा कि सूखे और गीले कचरे को अलग रखना हमारी जिम्मेदारी है। यदि हर नागरिक अपने घर का कचरा सही ढंग से अलग करेगा, तो शहर को साफ-सुथरा बनाए रखना आसान हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।
पार्क में लगाए गए पौधों ने परिसर की शोभा बढ़ाई और लोगों को हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। लिपिक बलजीत सिंह ने उपस्थित लोगों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं और अपने बच्चों को भी स्वच्छता की आदत डालें। नगर पालिका सचिव दीपक कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा जब लोग इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे। नगर पालिका लगातार ऐसे अभियान आयोजित कर नागरिकों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर रही है। कार्यक्रम में नगर के कई स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।