कैथल। क्लोनिंग के माध्यम से नकली एटीएम कार्ड तैयार करके नकदी हड़पने वाले एक आरोपी को साइबर अपराध शाखा कैथल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पाई निवासी एक व्यक्ति की हड़पी गई एक लाख 20 हजार रुपये की संपूर्ण नकदी बरामद कर ली गई। 14 मई को आरोपी को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि सुरेंद्र कुमार पाई की शिकायत पर थाना पूंडरी में दर्ज मामले अनुसार 21 अप्रैल 2019 को उसके खाते से आरोपी ने नकदी निकलवाई थी। एसपी ने बताया कि मामले की जांच साईबर अपराध शाखा के इंस्पेक्टर नवीन कुमार की अगुवाई में एएसआई सुरेंद्र कुमार, हेडकांस्टेबल कुलदीप सिंह, एचसी रविंद्र कुमार व सिपाही विनोद कुमार की टीम द्वारा करते हुए 10 मई को आरोपी सन्नी निवासी धर्मखेड़ी जिला हिसार को गिरफ्तार कर लिया गया। 11 मई को आरोपी का 14 मई तक 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल करके कोविड-19 टेस्ट करवाने के बाद उसे रिपोर्ट आने तक थाना पूंडरी में क्वारंटाइन किया गया। 12 मई को आरोपी की कोविड-19 रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त होने पर आरोपी की निशानदेही पर गांव धर्मखेड़ी स्थित उसके मकान से हड़पी गई संपूर्ण एक लाख 20 हजार रुपये नकदी बरामद कर ली गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसके द्वारा कैथल के अतिरिक्त जींद, पंजाब व त्रिपुरा में भी नकदी हड़पी गई थी। कोरोना संक्रमण के चलते त्रिपुरा से आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया था।