कैथल। नशे में धुत ट्रक ड्राइवर और उसके साथी ने जींद रोड पर एक बाइक सवार को कुचल दिया और भागने का प्रयास किया। लोगों ने पीछा कर उन्हें पकड़ा। उनका आरोप है कि दोनों ने नशा कर रखा था। पीछा करते हुए लोग जींद रोड नाका पर पहुंचे, जहां पुलिस ने बैरिकेड लगाकर मुश्किल से ट्रक को रोका। वहां भी ड्राइवर ट्रक से नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं था और ट्रक को फिर आगे बढ़ाने लगा।
पुलिस कर्मचारियों ने किसी तरह उसे नीचे उतारा। आरोप है कि नीचे उतरने के बाद ड्राइवर ने पुलिस के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की। मौके पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाकर ड्राइवर और उसके साथी दोनों को काबू कर चौकी ले जाया गया। गनीमत रही कि समय रहते ट्रक रुक गया। ट्रक असंध निवासी गुरुदेव चला रहा था। वह ट्रक लेकर कैथल की नई अनाज मंडी में आया हुआ था। जब मंडी से खाली ट्रक लेकर वापस जा रहा था तो आरोपी ने यह वारदात की। थाना सिटी प्रभारी सतपाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंच गई थी। आरोपी ट्रक ड्राइवर को पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।