राजौंद। असंध मार्ग पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पास सड़क पर एक ट्रक धंसने से एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। इस दौरान एक ऑटो पलटने से भी चालक बाल बाल बचा। बाद में संबंधित विभाग ने जेसीबी मशीन से ट्रक को रास्ते से निकाला तब जाकर वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
राजौंद में मुख्य मार्ग पर चल रहे सीवरेज के पाइप बिछाने के कार्य को लेकर लोगों को आए दिन समस्या झेलनी पड़ रही है। रास्ता एक तरफ से बंद होने के कारण हर समय जाम लगा रहता है। मंगलवार को सुबह 11 बजे के आसपास सरकारी स्कूल के सामने सड़क पर कच्चे में एक ट्रक धंस गया। इससे वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। लगभग एक घंटे तक जाम में राहगीर फंसे रहे।
पिछले कई दिनों से असंध कैथल मुख्य मार्ग पर सीवरेज के पाइप बिछाने का कार्य चल रहा है। इसी वजह से लोगों को मुश्किलें झेलनी पड़ रही है। वही कैथल रोड पर भी सरकारी अस्पताल के सामने खोदाई के कार्य के कारण हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। संवाद