जिला म्यूनिसिपल कमीशनर ने बुधवार को नगर परिषद कार्यालय कैथल में गोशाला संचालकों की बैठक लेकर सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को गोशालाओं में रखने को लेकर चर्चा की।
डीएमसी कुलधीर सिंह ने कहा कि शहर में सड़कों पर गोवंश के कारण लोगों को परेशानी होती है। इसीलिए गोशाला संचालक इन गायों को गोशालाओं में रख लें। इस पर गोशाला प्रबंधकों ने कहा कि उनके पास पहले से ही ज्यादा पशु हैं। उन्हें रखने के लिए फंड की आवश्यकता है। उन्हें फंड दिलवा दिया जाए तो वे इन्हें गोशाला में रख लेंगे। इस पर डीएमसी ने कहा कि वे उपायुक्त महोदय के माध्यम से गोशाला आयोग के चेयरमैन को लिखेंगे कि गोशालाओं के लिए यथासंभव ग्रांट दी जाए। ताकि सड़कों से गोवंश को हटवाया जा सके। बैठक में श्रीकृष्ण गोशाला के प्रधान रामफल, नंदी गोशाला की ओर से सुरेश कुमार, गोपाल गोशाला की ओर से अजय कुमार, कुरुक्षेत्र गोशाला की ओर से सुरेंद्र व रामलाल व ईओ अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।