संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। किठाना पब्लिक स्कूल की छात्रा दिव्या पुत्री दीपक ने 31वीं सब-जूनियर एवं सीनियर राष्ट्रीय थांग-टा चैंपियनशिप 2025 में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय, क्षेत्र और हरियाणा का मान बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता गोवा के मडगांव स्थित मनोहर पर्रिकर इंडोर स्टेडियम में आयोजित हुई, जिसमें देश के 24 राज्यों से 850 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
हरियाणा की ओर से 53 किलोग्राम भार वर्ग में खेलते हुए दिव्या ने शानदार प्रदर्शन किया। पहली बाउट में उन्होंने मध्य प्रदेश की खिलाड़ी को मात दी, जबकि दूसरी बाउट में राजस्थान की खिलाड़ी को हराकर अपना दबदबा बनाए रखा। बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर दिव्या ने कांस्य पदक हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्राचार्या डॉ. सुमन ढांडा एवं एमडी विकास ढांडा ने दिव्या को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए स्कूल की ओर से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दिव्या की उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है और सभी को उनसे सीख लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने स्कूल और माता-पिता का नाम रोशन करना चाहिए।