संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले के स्कूलों की प्रबंधन समिति का सम्मेलन 20 जुलाई को शहर में करवाया जाएगा। जगह का चुनाव बाद में किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बुधवार को इस सम्मेलन के संदर्भ में जिला शिक्षा अधिकारी कैथल डॉ. विजयलक्ष्मी व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सरोज कुमारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और सभी संबंधित कर्मचारियों के साथ बैठक की। जानकारी दी कि 10 स्टार अध्यापकों के साथ 10वीं और 12वीं में बेहतरी परिणाम देने वाले स्कूलों को भी इस मौके पर सम्मानित किया जाएगा।
इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विजय लक्ष्मी ने बताया कि जिले के 292 स्कूलों के एसएमसी प्रधान व सदस्य सचिव के होने वाले सम्मेलन में उन विद्यालयों को शामिल किया जाएगा, जिनमें विद्यार्थियों की संख्या 100 से अधिक है।
उन्होंने बताया कि ऐसे स्कूलों के स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान को सम्मेलन में बुलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में शिक्षा विभाग बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों की एक प्रदर्शनी भी लगाएगा। इसमें मिड डे मील, एनएसक्यूएफ, उल्लास, दिव्यांग, ई-अधिगम, बुनियाद,सुपर 100, पीएम श्री स्कूलों से संबंधित स्टाॅल लगाए जाएंगे। स्टॉल के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित कर दी है और उनको अपनी अपनी जिम्मेदारी समझा दी है।
डॉ. विजय लक्ष्मी ने कहा कि प्रत्येक स्टॉल पर विभाग की ओर से बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी आए हुए अतिथियों को दी जाएगी। इस अवसर पर 10 स्टार अध्यापकों को सम्मानित भी किया जाएगा। जिला स्तर पर जिन स्कूलों का कक्षा 10 वीं व 12वीं का परीक्षा परिणाम में जिले में प्रथम स्थान पर रहा हैं, उस एसएमसी को भी सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सरोज कुमारी ने कहा कि प्रत्येक खंड शिक्षा अधिकारी आज की मीटिंग में जो भी दिशा निर्देश दिए गए हैं, उनकी अनुपालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी बताया कि सम्मानित होने वाले 10 स्टार अध्यापक और विभिन्न मदों में सम्मानित होने वाली एसएमसी के नाम की सूचना सोमवार तक कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करें। बताया कि इस कार्यक्रम में एक हजार के लगभग भागीदारी रहेगी। इसलिए सभी अपनी-अपनी ड्यूटी अच्छी तरह से निभाएं, ताकि जिला का यह जिला स्तरीय कार्यक्रम एक अनूठी तरह संपन्न किया जा सके। बताया कि आगामी बैठक आठ जुलाई सोमवार को अपराह्न तीन बजे होगी।