कैथल। राजकीय आईटीआई कैथल में सोमवार को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में जिले के साथ आसपास के क्षेत्रों से आईटीआई पास और तकनीकी योग्यता रखने वाले युवा भाग ले सकेंगे। इसमें कई कंपनियां युवाओं का योग्यता और संबंधित ट्रेड के अनुसार चयन करेंगी।
राजकीय आईटीआई कैथल के प्रधानाचार्य सतीश मच्छाल ने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षित युवाओं को कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। कंपनियां अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता तकनीकी दक्षता और संबंधित ट्रेड के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी करेंगी।
चयनित युवाओं को कंपनियों की ओर से रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य तकनीकी व व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध करवाना है।
मेले में युवाओं को रोजगार के साथ कॅरिअर विकल्प और उद्योग क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी दी जाएगी। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वह चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। प्रधानाचार्य ने जिले और आसपास के क्षेत्रों के आईटीआई पास युवाओं से मेले में पहुंचने की अपील की है।